धुबड़ी, संवाद 365, 17 अप्रैल : धुबड़ी जिले के चापर थाना क्षेत्र के नाथपाड़ा में मंगलवार की देर रात उस समय अफरा-तफरी मच गई जब एक चिकित्सक को अज्ञात हमलावरों ने गोली मारकर मौत के घाट उतार दिया। पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार चापर के नाथपाड़ा में होमियो चिकित्सक डॉ रबेन राय को अज्ञात हमलावरों द्वारा बीती रात को गोली मारकर हत्या कर दी गयी। बंगाईगांव जिले के दैनिक बाजार स्थित अपनी फार्मेसी सत्यजीत होमियो हॉल से डॉ रॉय बीती रात को अपने घर लौट रहे थे। अपने घर के पास ही डॉ की अज्ञात हमलावरों के साथ किसी बात को लेकर झगड़ा हो गया। बाद में हमलावरों ने 7.5 बोर की पिस्तौल से गोली मार दी। जिसके चलते डॉ की मौके पर ही मौत हो गई। डॉ को कुल चार राउंड गोली मारी गई है। घटनस्थल से पुलिस ने दो खाली व जीवित कारतूस बरामद किया है। सूत्रों ने बताया कि हमलावरों ने काफी नजदीक से गोली मारी है।  घटना की खबर मिलते ही मौके पर पहुंची पुलिस की टीम ने डॉक्टर के शव को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए अस्पताल में भेज दिया। पुलिस ने इस संबंध में एक प्राथमिकी दर्ज कर घटना की जांच शुरू कर दी है। हालांकि हत्या की वजह का पता नहीं चल सका है। कुछ लोगों ने इस हत्या को चुनावी रंजीव करार दिया है। ज्ञात हो कि धुबड़ी संसदीय क्षेत्र में आगामी 23 अप्रैल को तीसरे चरण में मतदान होगा। पुलिस सूत्रों ने आशंका जताई है कि हमलावर चार चक्का वाहन से आए थे। मृत डॉक्टर राज्य की सत्ताधारी पार्टी भाजपा के सक्रिय सदस्य बताए गए हैं। मुख्यमंत्री सर्वानंद सोनोवाल ने इस घटना की कड़े शब्दों में निंदा करते हुए पुलिस विभाग को आरोपियों को गिरफ्तार करने का कड़ा निर्देश दिया है। पुलिस महानिदेशक कुलधर सैकिया ने मामले की जांच डीआईजी रौनक हजारिका को सौंप दिया है।