डिमा हसाउ, संवाद 365 18 जून: असम में पिछले कई दिनों से हो रही बरसात के चलते राज्य के कई हिस्सों में बाढ़ की स्थिति उत्पन्न हो गई है। बरसात की वजह से राज्य के कई हिस्सों में भारी भूस्खलन हुआ है। राज्य में सबसे ज्यादा भूस्खलन पहाड़ी जिले डिमा हसाउ जिले में हुआ है। जिसकी वजह से यातायात व्यवस्था पूरी तरह से ठप हो गई है। डिमा हसाउ में राष्ट्रीय राजमार्ग-54 पर कई स्थानों पर भारी मलवा पसरा हुआ है, जिसके चलते सड़क मार्ग पर यातायात पिछले कई दिनों से बाधित है। भूस्खलन का मलवा हटाने के काम में असम राइफल के जवान दिन-रात लगे हुए हैं। एनएच-54 के बंद हो जाने की वजह से हाफलांग-सिलचर व जिले के अन्य हिस्सों से संपर्क पूरी तरह टूट गया है। इस मार्ग को खोलने में अभी और कुछ घंटे का समय लग सकता है। हजारों यात्री व वाहन मार्ग फंसे हुए हैं।