गुवाहाटी 23 अप्रैल (संवाद 365)। असम के स्वास्थ्य मंत्री डॉ हिमंत विश्व शर्मा ने गुरुवार को ट्वीट कर जानकारी दी कि असम में कोरोना मरीजों की संख्या बढ़कर 35 हो गई है। नया मामला असम के धुबड़ी जिले के बिलासीपाड़ा से आया है। नमूना संग्रह कर जांच के बाद एक और व्यक्ति के शरीर में कोविड-19 पॉजिटिव पाया गया है, जो आठगांव मस्जिद में आयोजित तबलीगी जमात में शामिल लोगों के संपर्क में आया था। ज्ञात हो कि राज्य में अब तक कुल 35 कोविड-19 पॉजिटिव मरीज पाए गए हैं। जिनमें एक की मौत हो गई और 18 को अब तक अस्पताल से स्वस्थ होने के बाद छुट्टी दे दी गई है।