डिंपल शर्मा

नगांव , 09 जून (संवाद 365)। कोरोना संकट में जहां कुछ लोग जरूरी चीजों की किल्लत दिखा बीमार लोगों की मजबूरी का फायदा उठाने में लगे हैं वहीं इसके विपरीत पर्दे के पीछे से शहर के खुटीखटिया निवासी लक्खी सिंह जरूरतमंद लोगों की मदद के साथ पिछले कई दिनों से लगातार असम पुलिस के ट्रैफिक और पुलिस विभाग के जवानों को अपनी तरफ से मदद पहुंचाने में जुटे हुए हैं। जिसमे चाय, बिस्कुट के साथ पानी और खाद्य सामग्री प्रदान कर रहें हैं। 

मिली जानकारी के अनुसार सिंह अपनी स्कूटी पर चाय-पानी की बोतलें, बिस्कुट के साथ खाद्य सामग्री लेकर निकलते हैं और कर्फ्यू के बाद जब दुकानें बंद हो जाती हैं तब सिंह जरूरतमंद लोगों को खाद्य सामग्री वितरित करने के साथ असम पुलिस के यातायात विभाग और पुलिस विभाग के जवान जो सड़कों पर रात तक ड्यूटी करते हैं उनको जायकेदार चाय, स्वादिष्ट बिस्कुट और केक के साथ घर से बना कर लाए गये पुलाव और अन्य खाद्य सामग्री खिलाकर उनकी हौसला आफजाई करते हैं। 

अपनी ड्यूटी के दौरान जब जवानों को कर्फ्यू के बाद दुकानें बंद होने के पश्चात कुछ भी नहीं मिलता तब सिंह एक मसीहा के रूप में इन सभी को चाय-नाश्ता करवाते हैं। पूछे जाने पर से सिंह ने बताया कि यह ख्याल पिछले कई दिन पहले उनके जेहन में आया था। जिसके बाद उन्होंने इस सेवा को करना अपना सर्वधर्म समझा और इस सेवा कार्य में जुट गये। 

सिंह के कहे अनुसार इस नेक कार्य में उनकी पत्नी गीता कौर पूरी तरह से उनका सहयोग करती है और हर रोज चाय-नाश्ता के साथ जायकेदार खाना स्वयं बनाकर मुहैया कराती हैं। दोपहर दो बजे बाद सिंह अरदास करते हुए अपने सेवा भाव कार्य पर निकल जाते हैं और देर शाम तक वह करीब 50 लोगों को अपनी सेवा उपलब्ध करवा कर ही घर लौटते हैं। उनके इस सेवा भाव से पुलिस के जवानों ने उनको ह्रदय से धन्यवाद दिया है और जिन जरूरतमंद लोगों को वह खाना मुहैया करवाते हैं उन्होंने भी उनकी प्रशंसा की है।