शिलांग, 30 अप्रैल (संवाद 365)। गुवाहाटी के सीमावर्ती मेघालय के रि-भोई जिले में शनिवार से कंप्लीट लॉकडाउन शुरू होने की वजह से गुवाहाटी की ओर से शिलांग आना जाना पूरी तरह बंद हो जाएगा। गुरुवार को रि-भोई की जिला उपायुक्त आरएम कुरबा ने 10 मई तक कंप्लीट लॉक डाउन की घोषणा की। यह लॉकडाउन मेघालय में कोविड-19 पॉजिटिव लोगों की बढ़ती संख्या के मद्देनजर लगाया गया है।

रि-भोई जिला होते हुए मेघालय के ईस्ट तथा वेस्ट खासी हिल्स, जयंतिया हिल्स समेत राज्य के गारो हिल्स के अलावा अधिकांश हिस्से में प्रवेश का रास्ता है। देश के शेष भाग से मेघालय की राजधानी शिलांग जाने के लिए रि-भोई होते हुए ही जाना होता है। राज्य के रि-भोई जिला की सीमा असम की राजधानी गुवाहाटी शहर से लगती है।

गुवाहाटी के खानापाड़ा से रि-भोई जिले की सीमा शुरू हो जाती है। ऐसे में रि-भोई जिले में लॉक डाउन होने से देश के शेष भाग के लोगों का मेघालय में प्रवेश करना प्रायः बंद हो जाएगा। उल्लेखनीय है कि मेघालय की राजधानी शिलांग में बीते सोमवार से ही कंप्लीट लॉक डाउन चल रहा है। आवश्यक वस्तुओं को छोड़कर सभी प्रकार के कार्यालय, प्रतिष्ठान, दुकानें आदि पूरी तरह बंद हैं।

इसी बीच राज्य में कोरोनावायरस पॉजिटिव लोगों की बढ़ती संख्या से मुख्यमंत्री कोनराद संगमा उद्विग्न हैं। रि-भोई जिले में शनिवार से कंप्लीट लॉकडाउन की घोषणा होने के बाद असम और मेघालय के बीच की आवाजाही पूरी तरह ठप हो जाएगी। मेघालय की आवाजाही बंद होने से व्यापार पर भी काफी हद तक असर पड़ने की संभावना दिख रही है।