गुवाहाटी, 19 अप्रैल, संवाद 365 :  मुख्यमंत्री सर्वानंद सोनोवाल ने देश के अन्य कई राज्यों के मुख्यमंत्रियों से रविवार को फोन पर बातचीत की। उन्होंने मुख्यमंत्रियों से गुहार लगाई कि उन राज्यों में रह रहे असम के लोगों की मदद करें। इस सिलसिले में सोनोवाल ने पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी, उड़ीसा के मुख्यमंत्री नवीन पटनायक, बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार, हरियाणा के मुख्यमंत्री मनोहर लाल खट्टर, मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान तथा उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से बातचीत की।

बातचीत के दौरान मुख्यमंत्री ने कहा कि इन राज्यों में रह रहे असम के लोगों को किसी भी प्रकार की कठिनाई वहां नहीं हो, इसे वहां की सरकारों को सुनिश्चित करना चाहिए। मुख्यमंत्री ने कहा कि इस संकट की घड़ी में सभी राज्यों को एक-दूसरे से मिलकर तथा आपसी सहयोग के जरिए कार्य करना चाहिए ताकि, कोरोना वायरस की लड़ाई से जीतने में सफलता प्राप्त हो सके।

बातचीत के दौरान मुख्यमंत्री ने उन राज्यों के मुख्यमंत्रियों को बताया कि वे किस तरह लॉकडाउन के दौरान कार्य कर रहे हैं। सोनवाल ने उन मुख्यमंत्रियों को आश्वस्त करवाया कि उन राज्यों के असम में रह रहे लोगों को किसी भी प्रकार की परेशानी का सामना नहीं करना पड़े, इसके लिए वे राज्य के जिला उपायुक्तों एवं पुलिस अधीक्षकों को आवश्यक दिशा निर्देश देते रहे हैं।

उन्होंने आश्वस्त किया कि असम में रह रहे देश के अन्य राज्यों के लोगों को किसी भी प्रकार की परेशानी नहीं होने दी जाएगी। मुख्यमंत्री ने कहा कि हालांकि, देश के अन्य राज्यों में रह रहे असम के लोगों की सुविधा के लिए असम सरकार ने कई कार्यक्रम तैयार किए हैं। जिसके जरिए उन्हें सहयोग दिया जा सके।गा मुख्यमंत्री ने कहा कि इस लॉकडाउन की स्थिति में असम का कोई भी व्यक्ति बाहर परेशानी नहीं झेले या फिर भूखा नहीं रहे इसे उन मुख्यमंत्रियों को सुनिश्चित करना चाहिए।