जोराबाट, संवाद 365, 24 मार्च: विश्व में विलुप्त प्रजाति की श्रेणी में गिने जाने वाले कई दुर्लभ जीवों को पुलिस ने राजधानी गुवाहाटी के जोराबाट पुलिस चौकी इलाके से शनिवार की सुबह बरामद किया। बरामद जीवों में कई जीव ऐसे हैं जो भारत में नहीं पाए जाते हैं। जबकि एक बंदर भी बरामद हुआ है, जो देश के सभवतः दो चिड़ियाघरों में पाया जाता है।

मिली जानकारी के अनुसार जोराबाट पुलिस ने शनिवार की सुबह मिजोराम की राजधानी आइजल से गुवाहाटी जा रही एक टाटा सूमो (एमजेड-01एच-1191) को तलाशी के लिए जोराबाट पुलिस चौकी के सामने राष्ट्रीय राजमार्ग-37 पर रोका। तलाशी के दौरान तस्कर कर ले जाई जा रही विश्व के विभिन्न स्थानों में पाए जाने वाले विलुप्त प्रजाति के जीवों को बरामद किया। पुलिस ने जीवों की तस्करी के मामले में उत्तर प्रदेश के प्रदीप कुमार को गिरफ्तार कर लिया है। वहीं मिजोराम के आइजल से गुवाहाटी के कामाख्या स्टेशन जीवों को लेकर जा रहे सूमो ड्राइवर को पुलिस ने हिरासत में लेते हुए वाहन को जब्त कर लिया है। बरामद दुर्लभ जीवों में एक मार्मोसैट बंदर, एक कछुआ, केकड़ा, अजगर आदि शामिल हैं।

जीवों की बरामदगी के बाद पुलिस ने वन विभाग को इसकी सूचना दी। आमसांग अभयारण्य के रेंजर प्रदीप्त बरूवा मौके पर पहुंचकर जीवों को अपनी हिफाजत में ले लिया। आमसंग अभयारण्य गुवाहाटी डिवीजन DFO प्रदीप्त बरूवा ने कहा कि जोराबाट पुलिस को इसके लिए धन्यवाद देना होगा। क्योंकि यह राष्ट्रीय स्तर पर इतनी बड़ी कामयाबी कभी नहीं मिली थी जो मिली है। जोराबाट पुलिस चौकी के प्रभारी प्रार्थ प्रतिम गोगोई ने कहा कि गुप्त सूचना के आधार पर चलाए गए नाका चेकिंग के दौरान 2 लोगों को हिरासत में लिया गया है। ये तस्कर गुवाहाटी के कामाख्या स्टेशन से दिल्ली जा रहे थे। आमसांग अभयारण्य के वन विभाग की एक टीम सभी जानवरों को अपने कब्जे में लेकर गुवाहाटी स्थित राज्य चिड़ियाघर ले गई।