जोरहाट , 16 दिसम्बर (संवाद 365)। जोरहाट जिला के पुलिबर थाना अंतर्गत चगुरी गांव में पुलिस ने गुप्त सूचाना के आधार पर अभियान चलाकर चुराए गए स्थानीय नस्ल के 24 कुत्तों को बरामद किया। पुलिस ने गुरुवार को बताया कि बीती रात डीएसपी (मुख्यालय) मामोनी हजारिका के नेतृत्व में पहुंची पुलिस टीम ने 24 चुराए गये कुत्तों को बरामद किया।

शहर से करीब 25 किमी दूर नीलगढ़ के चगुरी गांव में डोकू दलै, उकराम दलै और गणेश दलै के घरों से चुराए गये कुत्तों को बरामद किया। इस मामले में पुलिस ने डोकू दलै को गिरफ्तार कर लिया है। हालांकि, अन्य दो आरोपित पुलिस के मौके पर पहुंचने से पहले ही फरार हो गए।

पुलिस की पूछताछ में दलै ने बताया कि जोरहाट के विभिन्न स्थानों से कुत्तों को चुरा कर वे नगालैंड के मोन जिला में भेजा करते हैं। पुलिस इस संबंध में एक प्राथमिकी दर्ज कर गिरफ्तार आरोपितों से पूछताछ कर रही है।