होजाई, 03 मई (संवाद 365)। होजाई जिले के नीलबागान में पति पर पत्नी को जिंदा जलाने का आरोप लगा है। पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार जिले के मोराझार पुलिस थाना अंतर्गत मेथीगांव रिजर्व में इमरान हुसैन पर 19 वर्ष की पत्नी को जिंदा जलाने का आरोप लगा है। तीन महीने पूर्व इमरान हुसैन ने गांव के ही एक युवती से शादी किया था। शादी के बाद से ही दहेज को लेकर इमरान अपनी पत्नी के ऊपर शारीरिक और मानसिक अत्याचार करता आ रहा था। रविवार की सुबह इमरान द्वारा अपनी पत्नी को जिंदा जलाने का आरोप लगा है। गंभीर रूप से घायल महिला को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। डॉक्टरों का कहना है कि महिला 90% जल चुकी है। उसकी हालत काफी गंभीर बनी हुई है। घटना के संबंध में होजाई जिला के कानूनी सेवा प्राधिकरण की संपादिका प्रणिता मरांग ने कहा कि जिले में नारी से संबंधित अपराधिक घटना में इन दिनों काफी इजाफा हुआ है। लॉक डाउन के दौरान एक महिला को जिंदा जला दिया गया है, यह काफी दुर्भाग्यपूर्ण और चिंता का विषय है। पति द्वारा जलाई गई महिला को उन्नत चिकित्सा के लिए गुवाहाटी मेडिकल कॉलेज अस्पताल भेजा गया है। जहां वह जिंदगी और मौत से जूझ रही है। पीड़िता के परिवार वालों को हमारी ओर से हरसंभव कानूनी मदद पहुंचाई जाएगी।