गुवाहाटी, 05 अक्टूबर (संवाद 365)। गुवाहाटी के धीरेनपारा इलाके में दिन दहाड़े डकैतों के एक दल द्वारा पिस्तौल की नोंक पर डकैती किए जाने का मामला सामने आया है।

पुलिस ने बताया कि गौतम पाल नामक ज्वेलर की दुकान में डकैतों के एक दल ने प्रवेश कर डकैती की घटना को अंजाम दिया। वहां से भागने के बाद डकैतों का दल गौतम पाल के घर में जा पहुंचा। घर में डकैतों ने बच्चे की कनपटी पर पिस्तौल रखकर पूरे परिवार को आधे घंटे तक बंधक बनाकर जमकर लूटपाट की।
घटना की जानकारी मिलते ही स्थानीय लोग मौके पर पहुंचकर एक युवक ने डकैतों को पकड़ने की कोशिश की तो डकैतों ने उसे गोली मार दिया। घायल लिटल मजुमदार को पास के ही एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया है।

स्थानीय लोगों द्वारा डकैतों की डस्टर कार (एएस-01डीजे-9640) को जब्त कर लिया। पुलिस सूत्रों ने बताया है कि डस्टर कार में छह डकैत आए थे। घटना को अंजाम देने के बाद सभी डकैत फरार होने में सफल रहे। मौके से एक सीसीटीवी फुटेज बरामद किया गया है। जिसमें एक रिक्शे से कुछ लोगों को फरार होते देखा गया है। पुलिस का मानना है कि डकैत रिक्शा से ही फरार हुए हैं। पुलिस इसकी जांच कर रही है।
घटना के बाद मौके पर असम पुलिस के स्पेशल डीजीपी जेपी सिंह पहुंचकर घटना की जानकारी ली। दिन दहाड़े हुई डकैती की घटना के बाद गुवाहाटी के सभी पुलिस थानों को अलर्ट कर दिया गया है। डकैतों की तलाश में पुलिस ने छापेरमारी अभियान तेज कर दिया है।