जोनमनी
बिश्वनाथ (असम), 24 मार्च (हि.स.)। राज्यसभा के सांसद अजीत भुईंया ने बुधवार को बिश्वनाथ विधानसभा क्षेत्र के महागठबंधन के उम्मीदवार अजंन बोरा के समर्थन में चुनाव प्रचार करते हुए नरेंद्र मोदी और अमित शाह पर जमकर राजनीतिक बयानबाजी की।

 चुनाव प्रचार के दौरान उन्होंने जमकर भाजपा पर हमला बोला। अजीत भुईंया ने कहा कि भाजपा के अध्यक्ष जेपी नड्डा एक रबर स्टांप की तरह हैं। उनके हाथ में कोई क्षमता नहीं है। सही मायने में नरेन्द्र मोदी और अमित शाह जो चाह रहे हैं वही हो रहा है।

वही अजीत भुईंया ने कहा कि भाजपा असम की छह जनजातियों को जनजाति का दर्जा देने की जो बातें कर रही है वह सिर्फ एक वादा है। असम की समस्याओं का समाधान भाजपा नहीं कर सकती है। भाजपा सिर्फ लोगों से झूठा वादा करती है।

 उन्होंने कहा, इस बार असम की जनता भाजपा को सबक सिखाएगी। असम की संपत्ति एक-एक कर अडानी, अंबानी को दिया जा रहा है। राज्य की दो पेपर मिलों को भाजपा पुनरजीवित नहीं कर पाई जो काफी दुख की बात है। भाजपा सिर्फ हिंदू-मुस्लिम की राजनीति करती है।

अजीत भुईया ने प्रदेश भाजपा के प्रभावशाली नेता डॉ हिमंत विश्वशर्मा पर भी जमकर हमला बोलते हुए कहा कि भाजपा द्वारा किए गए वादे को पूरा नहीं किया गया। जिसे छिपाने के लिए हिमंत विश्वशर्मा हिंदू-मुस्लिम, मुगल अजमल की बातें कह रहे हैं। उन्होंने हिमंत के बारे में कहा कि वे असम का मुख्यमंत्री बनना चाहते हैं। जो कभी नहीं होगा। इस बार कांग्रेस महागठबंधन राज्य में भाजपा को कड़ी टक्कर दे रही है। राज्य में इस बार कांग्रेस महागठबंधन की ही सरकार बनेगी।