शिलांग, 26 दिसम्बर (संवाद 365)। मेघालय की राजधानी शिलांग के ऊपरी शिलांग में मौसम की पहली बर्फबारी हुई। जिसके बाद से ठिठुरन बढ़ गई। तापमान नीचे गिरा तो बर्फीली हवाओं और शीतलहर का कहर से स्थानीय लोगों की परेशानी बढ़ गयी है। अचानक मौसम में बदलाव होने से लोगों को खासी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।

मौसम में अचानक आए बदलाव और सर्दी बढ़ जाने से असम सहित पूर्वोत्तर के सभी राज्यों तथा पड़ोसी राज्य पश्चिम बंगाल से काफी लोग सर्दियों की आनंद लेने के लिए मेघालय पहुंच रहे हैं। पर्यटक मेघालय के विभिन्न मनमोहक स्थानों का भ्रमण करने के लिए पहुंच रहे हैं। जिसके चलते राज्य का पर्यटन उद्योग में भी गुलजार हो गया है।

पूर्व खासी जिला के शिलांग-जोवाई रोड से सटे माओबरथुन और शिलांग पीक (एयर फोर्स हैडक्वाटर्स) यानी अपर शिलांग, लाईथकर, मिल्लिम, सातमाइल आदि इलाके के लोग सर्दी से काफी परेशान हो गये हैं। पिछले दो दिन से लेकर आज रात को यहां का तापमान चार डिग्री सेल्सियस पहुंच गया है। जो कि यहां इस मौसम की सबसे ठंडी रात मानी जा रही है।

पूर्व खासी जिला के लोगों का कहना है कि ठिठुरने वाली सर्दी के कार लोग काफी परेशानियों का सामना कर रहा है। हालांकि, जिले का एक बड़ा हिस्सा अब कोहरे की चादर से ढका हुआ है। फिर भी दिन के समय कुछ समय के लिए धूप निकलने के कारण लोगों को कुछ राहत मिल रही है।

वहीं शिलांग-जोवाई एवं शिलांग-चेरापूंजी इलाके में शुक्रवार और शनिवार रात को बर्फबारी हुई है। जबकि, राजधानी शिलांग इलाके में बर्फ तो नहीं गिरी लेकिन सर्दी के कारण लोगों का जनजीवन अस्त-व्यस्त हो गया है। गत वर्षों की तुलना में इस वर्ष के तापमान में काफी गिरावट दर्ज हई है। मौसम विभाग का कहना है कि ऐसी स्थिति आने वाले कुछ दिन और रहने वाली है। दिन के समय शिलांग शहर का तापमान 09 से 10 डिग्री सेल्सियस होने पर भी रात होते ही तापमान में गिरावट होने लगती है। रात में तापमान करीब 4 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच जाता है।

मौसम विभाग से प्राप्त जानकारी के अनुसार यहां के तापमान में और भी गिरावट आएगा। ठंड के साथ-साथ घना कोहरा होने की संभावना जतायी गयी है। मौसम वैज्ञानिकों का कहना है कि इस बार राज्य के विभिन्न इलाकों में जबरदस्त ठंड होगी। शीतलहर के कारण तापमान में काफी गिरावट आएगी।

वहीं समूचे पूर्वोत्तर सिक्किम, असम, अरुणाचल प्रदेश, मिजोरम, नगालैंड, मणिपुर त्रिपुरा में शनिवार और रविवार से तापमान में गिरावट दर्ज की गयी है। शीतलहर के कारण अरुणाचल प्रदेश के तवांग में भी बर्फबारी हो रही है। तिब्बत से सटे तवांग शहर का तापमान अभी दो से तीन डिग्री सेल्सियस के आसपास है। रात में के समय तापमान शून्य से नीचे चला जाता है। तवांग के उत्तरी इलाकों में सुबह पानी में हल्की बर्फ का स्तर दिखाई दे रहा है।

सिक्किम में भी ठंड के कारण तापमान में गिरावट आई है। गंगटोक में भी बहुत ठंड पड़ रही है। पूर्वोत्तर के सभी राज्यों में शीतलहर के कारण तापमान में काफी गिरावट आई है। लोग स्वेटर, मफलर, जैकेट, कोट, टोपी पहनने के लिए मजबूर हुए हैं। सर्दियों के कपड़ों की भी जमकर खरीदारी हो रही है। लोग घरों में आग जलाकर सर्दी से राहत पाने की कोशिश कर रहे हैं। खेतों में बर्फ गिरने से किसान खेती नहीं कर पा रहा हैं।