गुवाहाटी, 29 मार्च (संवाद 365)। राजधानी गुवाहाटी समेत पूरे राज्य में होली का उत्सव बेहद उल्लास व परंपरा के साथ मनाया जा रहा है।

 विधानसभा चुनावों के बीच होली के उत्सव में बड़ी संख्या में राजनेता भी बढ़-चढ़कर हिस्सा ले रहे हैं। इस कड़ी में सोमवार को दोपहर को मुख्यमंत्री सर्वानंद सोनोवाल पूर्वोत्तर की व्यावसायिक राजधानी के रूप में विख्यात गुवाहाटी के फैंसी बाजार में पहुंचकर लोगों को होली की शुभकामनाएं दी। फैंसी बाजार में भारी संख्या में लोग उपस्थित थे। फैंसी बाजार से मुख्यमंत्री के जाने के बाद स्थानीय कांग्रेसी उम्मीदवार असिमा बरदलै भी पहुंची थीं। जिसकी वजह से बाजार में रंग-अबीर और गुलाल में सराबोर काफी संख्या में लोग मौजूद थे।

 उल्लेखनीय है कि फैंसी बाजार में हर साल होली के अवसर पर रैन डांस का आयोजन किया जाता रहा है। लेकिन, इस बार कोरोना के चलते लगातार दूसरी बार रैन डांस का आयोजन नहीं किया गया। बावजूद बाजार में राजनेताओं की उपस्थिति के चलते लोगों की भारी भीड़ देखी गयी। मुख्यमंत्री ने उपस्थित लोगों को होली की शुभकामनाएं दीं।

 राज्य के अन्य हिस्सों की तरह बिश्वनाथ और नगांव जिला में भी हर्षोल्लास के साथ रंगो का उत्सव होली मनाया गया। बिश्वनाथ जिला के बिहाली स्थित गामो थान में तीन दिवसीय होली का आयोजन चल रहा है। सोमवार को गामो थान में दूरदराज से लोग होली मनाने पहुंचे थे। परंपरागत तरीके से लोगों ने होली का उत्सव मनाया।

 वही नगांव जिला के रूपाहीहाट में भी लोगों ने जमकर होली खेली। रूपाहीहाट के जूरिया स्थित विष्णु मंदिर प्रांगण में छोटे-बड़े सभी मिलकर एक साथ रंगों का उत्सव होली मनाया। ज्ञात हो कि इलाके में हिंदू-मुस्लिम सभी एक साथ मिलकर होली खेलते नजर आए।

 राज्य में होली का सबसे प्राचीन व प्रसिद्ध उत्सव बरपेटा सत्र (मठ) में आयोजित किया जाता है। जहां पर देश व विदेश से बड़ी संख्या में लोग होली का उत्सव मनाने के लिए पहुंचते हैं। इस बार भी यहां पर कोरोना के बावजूद परंपरागत रूप से होली का उत्सव तीन दिवसीय कार्यक्रम के तहत मनाया जाता है। इस कार्यक्रम में स्थानीय लोग बढ़-चढ़कर हिस्सा लेते हैं।