इटानगर, संवाद 365, 11 अप्रैल : केंद्रीय गृह राज्य मंत्री किरण रिजीजू ने गुरुवार को कहा कि अरुणाचल के विधानसभा चुनावों में भाजपा को 60 सीटों में से 47 से अधिक सीटें मिलेंगी। जबकि कांग्रेस को एक से दो सीटें मिल सकती हैं। शेष सीटें अन्य पार्टियों के खाते में जा सकती है। उल्लेखनीय है कि पार्टी का हेलीकाप्टर नहीं होने की वजह से वे अपने मतदान केंद्र पर नहीं जा पाए, जिसकी वजह से वे अपना मतदान नहीं कर पाए हैं। मतदान नहीं कर पाने के संबंध में जब उनसे पूछा गया तो वे सवाल का सीधे उत्तर देने से बचते रहे। हालांकि उन्होंने कहा कि चुनावों के दौरान वे गृह मंत्रालय के हेलीकाप्टर का उपयोग नहीं कर सकते हैं। जबकि सड़क मार्ग से वे अपने मतदान केंद्र पर नहीं पहुंच पाएंगे। एक सवाल के जवाब में उन्होंने कहा कि मेरे पंख होते तो उड़कर जा सकता, लेकिन ऐसा नहीं हो सकता।  ज्ञात हो कि हेलीकाप्टर की व्यवस्था नहीं होने के चलते वे इटानगर से अपने मतदान केंद्र तक नहीं पहुंच पाएं। रिजीजू अरुणाचल पश्चिम लोकसभा क्षेत्र के भाजपा के उम्मीदवार हैं।
गुरुवार की सुबह रिजीजू हेलीकाप्टर से पश्चिम कामेंग जिला के नाफ्रा में मतदान करने के लिए जाने वाले थे। लेकिन हेलीकाप्टर की व्यवस्था नहीं होने के चलते फिलहाल वे राजधानी इटानगर में ही फंसे हुए हैं। मिली जानकारी के अनुसार शाम को वे गुवाहाटी लौटने वाले हैं।